Breaking News हाट-बाजार ग्रामीण भारत बेटी-बहुरिया अवसर गांव संस्कृति यूट्यूब चैनल विदेश विविध

---Advertisement---

हमें बेड़ियां नहीं, आजादी चाहिए

हमें बेड़ियां नहीं, आजादी चाहिए
---Advertisement---

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026

समाज की कुरीतियाँ खत्म हों तभी महिला दिवस सार्थक

यशोदा कुमारी पासवान (मड़वन, मुजफ्फरपुर)

मुजफ्फरपुर। हर वर्ष 8 मार्च को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है. यह दिन महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर की बात करने का प्रतीक है, लेकिन वास्तविकता यह है कि आज भी समाज के कई हिस्सों में महिलाएं और लड़कियां असमानता, हिंसा और सामाजिक कुरीतियों का सामना कर रही हैं.

ग्रामीण क्षेत्रों और वंचित समुदायों की महिलाएं विशेष रूप से कई चुनौतियों से जूझ रही हैं – अशिक्षा, गरीबी, सामाजिक भेदभाव और लैंगिक हिंसा जैसी समस्याएं आज भी उनके जीवन का हिस्सा बनी हुई हैं. ऐसे में महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और बदलाव लाने की दिशा में एक कदम बढ़ाने का अवसर है.

हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस दिवस का संपूर्ण मकसद तभी पूरा होगा, जब समाज में मौजूद कुरीतियां समाप्त होंगी. आज भी समाज में भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, बाल विवाह, महिला हिंसा, बलात्कार, घरेलू हिंसा और डायन प्रथा जैसी घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. जब तक इन अपराधों के दोषियों को सख्त कानूनी सजा नहीं मिलेगी, तब तक महिलाओं के जीवन में वास्तविक सुरक्षा और सम्मान का माहौल नहीं बन पाएगा.

गांवों में खेत-खलिहानों और मजदूरी के काम में लगी महिलाएं आज भी कड़ी मेहनत करती हैं, लेकिन उन्हें बराबरी का सम्मान नहीं मिलता है. ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या केवल कुछ महिलाओं के आगे बढ़ जाने से समाज का सपना पूरा हो जाएगा? असल बदलाव तब आएगा, जब समाज के सबसे पिछली पंक्ति में खड़ीं महिलाओं को भी उसके अधिकार, शिक्षा और सम्मान मिलेंगे.

शिक्षा ही बदल सकती है महिलाओं का भविष्य

प्रियंका कुमारी, छात्रा (शाहपुर पट्टी, साहेबगंज)

आज के समय में हर लड़की और महिला के लिए शिक्षित होना बेहद जरूरी है. शिक्षा ही वह शक्ति है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करती है. कई गांवों में आज भी जाति-प्रथा और सामाजिक भेदभाव मौजूद हैं. कई बार लड़कियों को आगे बढ़ने और पढ़ने की पूरी अनुमति नहीं मिलती है. शाहपुर पट्टी के मुसहरी टोला जैसे इलाकों में जागरूकता बैठकों की आवश्यकता है, ताकि लोग अपने मन से जाति-प्रथा और भेदभाव को खत्म करें और अपने घरों में बेटा-बेटी दोनों को समान अवसर दें. जब लड़कियां पढ़ेंगी और आगे बढ़ेंगी, तभी वे अपनी मंजिल खुद तय कर पाएंगी और उन्हें किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हमारा प्रयास होना चाहिए कि गरीब परिवारों तक शिक्षा और सहायता पहुंचे और समाज में महिलाओं को उनका सम्मान मिले.

“महिला सशक्तीकरण का सपना तब पूरा होगा जब समाज की सबसे पिछली पंक्ति में खड़ी महिला भी सम्मान और अधिकार के साथ जी सकेगी।”

महिलाओं की ताकत और संघर्ष

रिमझिम कुमारी (छात्रा), चांदकेवारी, पारू

आज 8 मार्च को हम महिला दिवस मनाते हैं. यह दिन महिलाओं व लड़कियों के सपनों, संघर्षों तथा उपलब्धियों को याद करने का अवसर है. यह दिन सिर्फ खुशी मनाने का दिन नही है, बल्कि यह हमें याद दिलाता है कि समाज में अब भी महिलाएं कितनी चुनौतियों का सामना कर रही हैं. आज भी बहुत सारी महिलाओं को अपने परिवार तक ही सीमित रखा जाता है. बोला जाता है कि महिलाओं को समान अधिकार दिया जा रहा है, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. हम लड़कियों को अपने हक के लिए भी आवाज नहीं उठाने दिया जाता है. अगर किसी ने उठा भी लिया, तो उसकी बातों को दबा दिया जाता है. महिलाओं को अकसर भेदभाव व असमानता का सामना करना पड़ता है. हम लड़कियों को अपने सपनों को पूरा करने का मौका नहीं मिल पाता है. आज भी हमारे समाज में महिलाओं पर अत्याचार होता है. लड़कियों को शिक्षा से वंचित रखा जाता है. महिलाओं को कैद नहीं आजादी चाहिए. उन्हें रोकिए नहीं, आगे बढ़ने का मौका दीजिए.

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह याद दिलाता है कि महिलाओं का सम्मान और समानता केवल एक दिन की बात नहीं है. यह समाज की सोच, व्यवहार और व्यवस्था में निरंतर बदलाव की मांग करता है। जब समाज की हर महिला—चाहे वह शहर में हो या किसी दूरस्थ गाँव की बस्ती में—सम्मान और अवसर के साथ जी सकेगी, तभी महिला दिवस का वास्तविक अर्थ पूरा होगा.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment